दिन निकलते ही आसमान से बरसी आग, 3 डिग्री बढ़ा अधिकतम तापमान
मानसून का इंतजार कर रहे पानीपत में गर्मी का सितम बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को दिन निकलने के साथ ही आसमान से आग बरसी। सूरज की तेज किरणों ने आंखें ढकने को मजबूर कर दिया। अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हुई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहेगा। मौसम विभाग ने एक जुलाई से बदलाव के आसार बताए हैं।
मानसून की बारिश को तरस रहे पानीपत में गर्मी रोजाना रिकॉर्ड बना रही है। मंगलवार को सुबह से ही सूर्यदेव अपने चरम पर नजर आए। आसमान साफ होने और हवाएं धीमी होने के कारण सूरज की किरणों ने तपिश बढ़ाई। जिस कारण मंगलवार को अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंचेगा।
तेज धूप के साथ दोपहर में लू और उमस भी लोगों को परेशान करेगी। बीते तीन दिनों से तापमान में बढ़ोत्तरी शुरू हुई है। इससे पहले सुबह और शाम को आसमान में बादल छाने व हवाओं की रफ्तार अधिक रहने से तापमान भी नियंत्रित था और लोगों को गर्मी से राहत मिल रही थी।
हरियाणा कृषि विभाग और मौसम विभाग के अनुसार एक जुलाई तक गर्मी का सितम जारी रह सकता है। एक जुलाई के बाद पानीपत समेत पूरे हरियाणा में मानसून के सक्रिय होने की उम्मीद है। जिसके बाद दिन और रात के तापमान में गिरावट होगी। बारिश से मौसम सुहावना बनेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें